The Echo of Resolve : समरसता दिवस पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, अंबेडकर जयंती पर ‘पंचतीर्थ’ और अंत्योदय के संकल्प की गूंज

जौनपुर। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को पूरे जनपद में ‘समरसता दिवस’ के रूप में भव्य आयोजन किया। जिला मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने बाबा साहेब से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों—महू, लंदन, नागपुर, दिल्ली और मुंबई—को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित कर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाएं ‘बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय’ के मूल मंत्र को धरातल पर उतार रही हैं, जिनका सीधा लाभ दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को मिल रहा है।
जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने कहा कि भाजपा के लिए संविधान किसी पवित्र ग्रंथ से कम नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान दिवस मनाने की पहल भाजपा सरकार ने ही की, जिससे नई पीढ़ी बाबा साहेब के विचारों को समझ सके। वहीं, जिला महामंत्री संदीप तिवारी ने ‘स्टैंड-अप इंडिया’ और ‘मुद्रा योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं के जरिए अनुसूचित जाति-जनजाति के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सामूहिक समरसता भोज, छात्र-छात्राओं का सम्मान और वंचित बस्तियों में स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

जिला महामंत्री अजय सिंह ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर बाबा साहेब की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने उनके विचारों को नीतिगत रूप दिया है। उन्होंने कहा कि आज देश के सर्वोच्च पदों पर उन वर्गों का प्रतिनिधित्व है, जिनके अधिकारों के लिए बाबा साहेब ने संघर्ष किया जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति का सशक्तिकरण नहीं होगा, तब तक ‘विकसित भारत’ का सपना अधूरा रहेगा। वहीं, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने बाबा साहेब को संपूर्ण मानवता का पथ-प्रदर्शक बताते हुए कहा कि आज का भारत उनके सपनों को साकार करने की दिशा में अग्रसर है।
मंडल अध्यक्षों की घोषणा इस मौके पर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने प्रदेश व क्षेत्रीय नेतृत्व की संस्तुति पर शेष मंडल अध्यक्षों की घोषणा भी की। बेलवार से रूपेश सिंह, सुजानगंज से संतोष पासी, मुंगराबादशाहपुर से राजीव केशरी, तरहटी से श्मुकेश पटेल, पवारा से अजय दुबे और नवपेड़वा से जनार्दन गौड़ को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाध्यक्ष ने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में परविंदर चौहान, सतीश दुबे, दीपक सिंह मंटो, घनश्याम यादव, शुभम मौर्य समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।