
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक कोटे की 11 सीटों के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई। सात जिलों में निर्धारित मतगणना केंद्रों पर रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशन और प्रेक्षकों की निगरानी में वोटों की गिनती कराई जा रही है। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच मुकाबले पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन नतीजों को दोनों दलों के राजनीतिक प्रभाव के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। प्रदेश के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के इन चुनावों में कुल 14,81,310 मतदाताओं के लिए मतदान कराया गया था। मतगणना लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में हो रही है। मतगणना के दौरान सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी और निर्बाध विद्युत आपूर्ति समेत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने संबंधित रिटर्निंग ऑफिसरों को मतगणना निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने और प्रशिक्षित कार्मिकों की व्यवस्था करने को कहा गया है। विधान परिषद के इन चुनावों में एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत आनुपातिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था होने के कारण मतगणना में अधिक समय लग सकता है।
लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के अवनीश कुमार सिंह और सपा की कांति सिंह के बीच मुकाबला है। यह सीट दोनों दलों के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी कांति सिंह के समर्थन में प्रचार किया था। कांति सिंह के पति डॉ. एसपी सिंह इस सीट से विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं।

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी और सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी के बीच मुकाबला है। संजयन त्रिपाठी भाजपा से जुड़े रहे हैं और बाद में सपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था। वहीं, मेरठ में भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेंद्र भाटी के बीच मुकाबले पर नजर है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस सीट का अपना राजनीतिक महत्व है।
लखनऊ में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर सात और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना हॉल नंबर आठ में हो रही है। वाराणसी में स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के हॉल नंबर एक और दो में क्रमशः स्नातक एवं शिक्षक सीटों की मतगणना की जा रही है। आगरा में नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टूंडला रोड स्थित हॉल नंबर एक और दो में मतगणना हो रही है। मेरठ में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम के गांधी हॉल भवन में स्नातक सीट के लिए हॉल-बी और शिक्षक सीट के लिए हॉल-ए निर्धारित किया गया है।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना झांसी स्थित बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज के कोठारी हॉल के हॉल नंबर एक में, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल में और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गोरखपुर विश्वविद्यालय की कॉमर्स बिल्डिंग के हॉल नंबर एक और दो में कराई जा रही है।
News Editor- (Jyoti Parjapati)
सभी समाचार देखें सिर्फ अनदेखी खबर सबसे पहले सच के सिवा कुछ नहीं ब्यूरो रिपोर्टर :- अनदेखी खबर ।
YouTube Official Channel Link:
https://youtube.com/@atozcrimenews?si=_4uXQacRQ9FrwN7q
YouTube Official Channel Link:
https://www.youtube.com/@AndekhiKhabarNews
Facebook Official Page Link:
https://www.facebook.com/share/1AaUFqCbZ4/
Whatsapp Group Join Link:
https://chat.whatsapp.com/KuOsD1zOkG94Qn5T7Tus5E?mode=r_c
अनदेखी खबर न्यूज़ पेपर भारत का सर्वश्रेष्ठ पेपर और चैनल है न्यूज चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। अनदेखी खबर न्यूज चैनल की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए हमारे चैनल को Subscribe, like, share करे।
Andekhi khabar : सच के सिवा कुछ नहीं