Murder of Ruby Chowdhury : पापा ने मम्मी को गोली मार दी गाजियाबाद में रूबी चौधरी की हत्या, पास बैठी 11 साल की बेटी ने बताई आंखों देखी

गाजियाबाद।
- देश की राजधानी दिल्ली से सटा उत्तर प्रदेश का जिला गाजियाबाद मंगलवार सुबह एक हत्या की खबर से दहल उठा। शहर के पॉश एरिया राजनगर एक्सटेंशन में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही पति ने की और मौके से फरार हो गया। वारदात के वक्त महिला की 11 वर्षीय छोटी बेटी घर पर ही मौजूद थी। वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। बेटी के बयानों को ही पुलिस जांच का आधार मान रही है।
- राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी का एफ-टावर मंगलवार सुबह-सुबह गोली और चीखने की आवाज से सकते में आ गया। लोग जब गोली की आवाज की दिशा में दौड़े तो देखा कि टावर के फ्लैट नंबर एफ-910 में रहने वाली रूबी चौधरी रसोई में खून से लथपथ पड़ी हैं। उनके पास ही उनकी 11 साल की बेटी डरी सहमी खड़ी है। वारदात की जानकारी लोगों ने तुरंत पुलिस को दी।

एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने बताया कि
- मृतका की छोटी बेटी उस वक्त घर में ही मौजूद थी जबकि बड़ी बेटी स्कूल चली गई थी। बच्ची ने बताया है कि उसकी मम्मी को उसके पापा विकास सहलावत ने गोली मारी है। गोली मारने से पहले दोनों में काफी झगड़ा भी हुआ था। मम्मी को गोली मारने के बाद पापा मौके से भाग गए। वारदात के बाद से बच्ची बहुत ज्यादा डरी-सहमी हुई है।एसीपी पाण्डेय ने बताया कि बेटी और पड़ोसियों के बयानों के मुताबिक, विकास और रूबी में काफी समय से विवाद चल रहा था।
पिछले लगभग एक डेढ़ महीने से दोनों साथ भी नहीं रह रहे थे।
- विकास कुछ करता नहीं था, ऊपर से शराब पीने का आदि था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। सोमवार शाम को विकास घर पर आया और दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ। इसपर रूबी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया था, जिसके बाद विकास वहां से चला गया। हालांकि, मंगलवार सुबह विकास दोबारा फ्लैट पर पहुंचा और रूबी के साथ उसका फिर से झगड़ा हुआ। इसी दौरान उसने जेब से है पिस्तौल निकाल कर रूबी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।