
फतेहपुर।
प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET)-2026 को सकुशल संपन्न कराने और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए फतेहपुर जनपद में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परीक्षा के मद्देनजर 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही कई मार्गों पर वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
जनपद के 16 प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में यातायात जाम से बचने, परीक्षार्थियों की सुरक्षा और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। यातायात प्रतिबंध दोनों निर्धारित तिथियों पर सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इन मार्गों पर लागू रहेगा प्रतिबंध और डायवर्जन
1. कोराई मोड़ से बांदा जाने वाले भारी वाहनों का मार्ग बदला
कोराई मोड़ से कटका, बहुआ और दतौली होकर बांदा जाने वाले भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहन चौडगरा, बिंदकी, जोनिहा, ललौली और चिल्ला होकर बांदा जाएंगे। वापसी में भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
2. बांदा से आने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता
बांदा से तिंदवारी, बेंदाघाट, दतौली, बहुआ और कटका बाईपास होकर आने वाले भारी वाहनों को पपरेंदा, चिल्ला, ललौली, जोनिहा और बिंदकी बाईपास से होते हुए चौडगरा हाईवे की ओर भेजा जाएगा। वाहन इसी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
3. सातमील-हुसैनगंज और हथगांव मार्ग पर रोक
सातमील से हुसैनगंज होकर डलमऊ और हथगांव जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रायबरेली जाने वाले भारी वाहन सातमील से असनी और लालगंज होकर जाएंगे। वहीं, हथगांव से छिवलहा और हुसैनगंज होकर फतेहपुर अथवा डलमऊ जाने वाले भारी वाहनों को भी प्रतिबंध का पालन करना होगा।
4. डलमऊ से गंगापुल होकर हुसैनगंज आने वाले वाहन डायवर्ट
डलमऊ से गंगापुल, जमरावां और हुसैनगंज होकर फतेहपुर आने वाले भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को डलमऊ से लालगंज, गेगासो, असनी गंगापुल, सातमील और लखनऊ बाईपास होकर फतेहपुर की ओर भेजा जाएगा।

5. बिंदकी कस्बे में भारी वाहनों का प्रवेश बंद
चौडगरा से बिंदकी, जोनिहा और ललौली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बिंदकी बाईपास का इस्तेमाल करना होगा। परीक्षा के दिनों में किसी भी स्थिति में भारी वाहनों को बिंदकी कस्बे के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
6. बकेवर-खजुहा-बिंदकी मार्ग पर बदलाव
बकेवर से खजुहा होकर बिंदकी आने वाले सभी भारी वाहन बकेवर से पहुर तिराहा होकर बिंदकी-ललौली मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे।
7. सर्वोदय इंटर कॉलेज गोपालगंज के पास प्रतिबंध
सर्वोदय इंटर कॉलेज, गोपालगंज के सर्विस रोड पर मुरादीपुर मोड़ से आगे कॉलेज की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी वाहन हाईवे की मुख्य लेन से होकर गुजरेंगे।
8. गाजीपुर-बहुआ और बंधवा-बहुआ मार्ग पर रोक
गाजीपुर से बहुआ तथा बंधवा से बहुआ जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। गाजीपुर से फतेहपुर की ओर आने वाले भारी वाहन गाजीपुर से असोथर और थरियांव होकर जाएंगे। वहीं, बंधवा से बहुआ और शाह होकर फतेहपुर जाने वाले भारी वाहन बंधवा से जोनिहा, बिंदकी बाईपास और चौडगरा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
प्रशासन ने वाहन चालकों, परिवहन संचालकों और आमजन से अपील की है कि 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को निर्धारित यातायात प्रतिबंधों एवं मार्ग परिवर्तन का पालन करें। वाहन चालक ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस और अन्य पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें।
परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित मार्गों पर भारी वाहन न चलाएं, ताकि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और छात्र-छात्राएं समय से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
Andekhi khabar : सच के सिवा कुछ नहीं