
प्रत्येक व्यक्ति की होगी गणना, मंडलायुक्त/मण्डल जनगणना अधिकारी ने प्रेसवार्ता में दी जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की जानकारी 16 से 30 नवंबर तक https://se.census.gov.in के माध्यम से कर सकेंगे स्वगणन जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की तैयारियों एवं निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए मंडलायुक्त/मण्डल जनगणना अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में आज मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता की ।
मंडलायुक्त/मण्डल जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनपद में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आमजन स्वगणना के माध्यम से अपनी एवं परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य को संपन्न कराने के लिए सहारनपुर मण्डल में कुल 15,152 एवं जनपद सहारनपुर में कुल 6,889 प्रगणक एवं सुपरवाइजर लगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसंख्या गणना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी।
मंडलायुक्त/मण्डल जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद आठवीं जनगणना है। पहली बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य जनसंख्या की सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति से संबंधित प्रामाणिक आंकड़ों का संकलन करना है। ये आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के आवंटन तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद सहारनपुर में 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न कराया जा चुका है। अब द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जनसंख्या गणना तथा पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
स्वगणना के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी
मंडलायुक्त/मण्डल जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 में आमजन को पहली बार स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अंतर्गत कोई भी परिवार निर्धारित अवधि में https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है। ऑनलाइन विवरण प्रस्तुत करने के बाद प्राप्त SE ID सुरक्षित रखें और प्रगणक के घर आने पर उन्हें उपलब्ध कराएँ, ताकि आवश्यक सत्यापन किया जा सके। साथ ही, प्रगणकों को सही जानकारी देकर पूरा सहयोग प्रदान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वगणना की सुविधा वैकल्पिक है। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनकी गणना निर्धारित अवधि में घर पहुंचने वाले प्रगणकों द्वारा की जाएगी। इसके लिए प्रगणकों को डिजिटल माध्यम से जानकारी संकलित करने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

40 प्रश्नों में दर्ज होगी परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी
मंडलायुक्त/मण्डल जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनसंख्या गणना के अंतर्गत निर्धारित प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल हैं। इनमें परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, आयु, लिंग, जन्मतिथि, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, परिवार के मुखिया से संबंध, धर्म, मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं की जानकारी, शैक्षिक योग्यता, साक्षरता, विद्यालय अथवा शिक्षण संस्थान में उपस्थिति, रोजगार एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों तथा कार्य की प्रकृति से संबंधित विवरण संकलित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जन्मस्थान एवं वर्तमान निवास स्थान, पूर्व निवास, प्रवासन के कारण, दिव्यांगता संबंधी विवरण, महिलाओं से संबंधित निर्धारित जनसांख्यिकीय जानकारी तथा बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच जैसे विषय भी प्रश्नावली में शामिल हैं। इन जानकारियों से जनसंख्या की संरचना, शिक्षा, रोजगार, प्रवासन एवं अन्य सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों का समग्र आकलन किया जा सकेगा।
जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी रहेगी गोपनीय
जिलाधिकारी/ प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने बताया कि जनगणना के दौरान प्राप्त व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत व्यक्तिगत जनगणना अभिलेखों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही किसी भी व्यक्ति को बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम अथवा यूपीआई पिन और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी न दें।
जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से जनगणना के निर्धारित कार्यक्रम, स्वगणना की प्रक्रिया तथा जनभागीदारी के महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने में सभी का सहयोग आवश्यक है। आमजन स्वगणना की सुविधा का लाभ उठाएं और घर आने वाले प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।
प्रेसवार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी सलिल कुमार पटेल ने भी जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं विभिन्न प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी साझा की।
इस अवसर पर नगर आयुक्त शिपू गिरी, सहायक निदेशक जनगणना आशुतोष कुमार, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार उपस्थित रहे।
जनगणना संबंधी सहायता एवं समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन
राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर : 1855
व्हाट्सएप चैटबॉट : 18001801855
News Editor- (Jyoti Parjapati)
सभी समाचार देखें सिर्फ अनदेखी खबर सबसे पहले सच के सिवा कुछ नहीं ब्यूरो रिपोर्टर :- अनदेखी खबर ।
YouTube Official Channel Link:
https://youtube.com/@atozcrimenews?si=_4uXQacRQ9FrwN7q
YouTube Official Channel Link:
https://www.youtube.com/@AndekhiKhabarNews
Facebook Official Page Link:
https://www.facebook.com/share/1AaUFqCbZ4/
Whatsapp Group Join Link:
https://chat.whatsapp.com/KuOsD1zOkG94Qn5T7Tus5E?mode=r_c
अनदेखी खबर न्यूज़ पेपर भारत का सर्वश्रेष्ठ पेपर और चैनल है न्यूज चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। अनदेखी खबर न्यूज चैनल की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए हमारे चैनल को Subscribe, like, share करे।
Andekhi khabar : सच के सिवा कुछ नहीं