
पूरनपुर में श्रीलंका की एक महिला को फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट बनवाने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह तीन महीने के पर्यटक वीजा पर भारत आई थी और सात साल से गांव में रह रही थी। पासपोर्ट कार्यालय की जांच में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
पीलीभीत के पूरनपुर में श्रीलंका की नागरिकता छिपाकर फर्जी मूल निवास प्रमाणपत्र और आधार कार्ड के जरिये पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। तीन महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई श्रीलंका की महिला पिछले सात साल से पूरनपुर कोतवाली के शेरपुरकलां गांव में रह रही थी। इस दौरान उसने गांव के युवक से निकाह और कोर्ट मैरिज कर ली। पहचान व धर्म बदलकर वह सुरैनी श्री वंतिका से जैनब बेगम बन गई।
जांच में हुआ खुलासा
पासपोर्ट कार्यालय से आई जांच में फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाने की कोशिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने ग्राम प्रशासक समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर महिला, उसके पति और प्रधान प्रतिनिधि को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया है। पुलिस की जांच में पता लगा है कि जॉर्डन देश में नौकरी के दौरान यह युवक व युवती एक दूसरे के संपर्क में आए थे।

पूरनपुर कोतवाली में तैनात दरोगा लखपत सिंह को सहायक पासपोर्ट अधिकारी कार्यालय से प्राप्त प्रार्थनापत्र की जांच सौंपी गई थी। जांच में सामने आया कि शेरपुरकलां निवासी मोहम्मद इमरान वर्ष 2018 में जॉर्डन के अकाबा शहर स्थित मस्ट गारमेंट कंपनी में सिलाई मशीनों की मरम्मत का काम करता था। इसी कंपनी में श्रीलंका की रहने वाली सुरैनी श्री वंतिका भी काम करती थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो इमरान भारत लौट आया और सुरैनी श्री वंतिका श्रीलंका चली गई।
टूरिस्ट वीजा पर आई थी युवती
मार्च 2019 में सुरैनी तीन महीने के टूरिस्ट वीजा पर मोहम्मद इमरान के घर आ गई। यहां दोनों ने निकाह कर लिया। तीन जून 2019 को कोर्ट मैरिज भी कर ली। इसके बाद सुरैनी का नाम बदलकर जैनब बेगम कर दिया गया। आरोप है कि टूरिस्ट वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह भारत में रहने लगी।
आरोप है कि मोहम्मद इमरान और सुरैनी ने ग्राम प्रशासक, उसके प्रतिनिधि नजीब खां और अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी वास्तविक नागरिकता छिपाई। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी मूल निवास प्रमाणपत्र और आधार कार्ड बनवा लिया। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर 26 जुलाई 2021 को फिर से दोबारा पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया गया।
मामले में पुलिस ने मोहम्मद इमरान, सुरैनी श्री वंतिका उर्फ जैनब बेगम, ग्राम प्रशासक, प्रशासक प्रतिनिधि नजीब खां समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि थाना पुलिस ने मोहम्मद इमरान, सुरैनी और प्रशासक प्रतिनिधि नजीब खां को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उनको जेल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
News Editor- (Jyoti Parjapati)
सभी समाचार देखें सिर्फ अनदेखी खबर सबसे पहले सच के सिवा कुछ नहीं ब्यूरो रिपोर्टर :- अनदेखी खबर ।
YouTube Official Channel Link:
https://youtube.com/@atozcrimenews?si=_4uXQacRQ9FrwN7q
YouTube Official Channel Link:
https://www.youtube.com/@AndekhiKhabarNews
Facebook Official Page Link:
https://www.facebook.com/share/1AaUFqCbZ4/
Whatsapp Group Join Link:
https://chat.whatsapp.com/KuOsD1zOkG94Qn5T7Tus5E?mode=r_c
अनदेखी खबर न्यूज़ पेपर भारत का सर्वश्रेष्ठ पेपर और चैनल है न्यूज चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। अनदेखी खबर न्यूज चैनल की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए हमारे चैनल को Subscribe, like, share करे।
Andekhi khabar : सच के सिवा कुछ नहीं